बच्चे - हमारा भविष्य या प्रयोगशाला का कोई जीव? किसी भी व्यक्ति के जीवन का सबसे सुखमय , आनंदित तथा आश्चर्यमिश्रित प्रसन्नता का पल वह होता है जब वह अपने नवजात शिशु को अपनी गोद में लेता है । माँ अथवा पिता बनने का वह सुख शायद जीवन में फिर कभी अनुभव नहीं किया जा सकता । परन्तु अपने चिरपरिचित स्वभाव के अनुसार शीघ्र ही वह शिशु अपने आनन्दमयी प्रारूप के बदले हमें एक ऐसा जीव दिखाई देने लगता है जिसमें अपना कोई गुण नहीं है । हमें ही उसे सुधार कर , ठोक -पीट कर एक अच्छा और काबिल इंसान बनाना है ।
पहली बार आँख खोलने से लेकर पहली बार माँ बोलने तक हम हजारों बार उसकी तुलना इस दुनिया के जाने - अनजाने हर एक से कर चुके होते हैँ । बच्चे के थोड़े बड़े होकर प्ले - स्कूल के पहले दिन से ही उससे आइंस्टीन , कल्पना चावला , साइना नेहवाल , इंदिरा गाँधी ,सचिन तेंदुलकर और शाहरुख़ खान जैसे महान अथवा नामी और धनी व्यक्तियों की तरह बनने की उम्मीद लगा ली जाती हैँ और हम पूरी लगन से उसे उसी रास्ते पर धकेलने में लग जाते हैं ।
'बच्चा ' अपने आप में एक भिन्न व्यक्तित्व होता है । उसकी अपनी अलग पहचान, रूची , अथवा विशेषता हो सकती है । किसी कड़वे कैप्सूल की तरह यह बात हमारे गले के नीचे ही नहीं उतरती । बच्चे पालने पर लिखी विशषज्ञों की पुस्तकों से लेकर अपने बड़ों और मित्रों तक से प्राप्त ज्ञान उस मासूम पर आजमाने लगते हैं। सच तो यह है कि प्रत्येक बच्चा हमें अभिभवक बनना सिखाता है । हम अपने बच्चे के पैदा होने से लेकर उनके बच्चे पैदा होने तक प्रतिदिन नया अनुभव प्राप्त करते हैं । जैसे हर बच्चा अलग होता है , वैसे ही उसे पालने का तरीका भी अलग होता हैै ।
जब बच्चा चलना सीखता है और गिरने लगता हैै तो हम उसे दायें हाथ से संभालें या बायें हाथ से , यह हम किसी किताबी ज्ञान के आधार पर तय नहीं करते बल्कि अपने अनुभव तथा विवेक के आधार पर करते हैं । बच्चा क्या खाना , खेलना , सीखना , या बनना चाहता है ये हम उसे बताने की बजाय सही -गलत समझाकर तय करने में मदद करें तो निश्चित ही भविष्य में हमें सचिन ,साइना या अम्बानी मिले या न मिले , लेकिन प्रेम , आत्मविश्वास और संवेदनशीलता से भरा एक व्यक्ति जरूर मिलेगा /मिलेगी जो सफल होकर न केवल आपको गौरान्वित करेगा बल्कि समाज का भी एक उत्तरदाई नागरिक बनेगा । हमें तथा हमारे देश को ऐसे नागरिकों की आवश्यकता शायद पहले से अधिक है । शायद आप भी मुझसे सहमत होंगे । नमस्कार !